भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर मदनलाल सैनी की नियुक्ति का बड़े नेता स्वागत कर रहे हैं। पूर्वमंत्री और भाजपाई दिग्गज देवीसिंह भाटी ने कहा कि केंद्रीय आलाकमान ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से चर्चा के बाद सही फैसला लिया है। भाटी ने वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ की।
बेबाक बोल के लिए ख्यात देवीसिंह भाटी ने फर्स्ट इंडिया न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए बीकानेर और जोधपुर दोनों के सांसदों पर निशाना साधते हुए यह कहने से भी नहीं चूके कि इनमें से कोई भी नियुक्ति होती तो पार्टी को लाभ नहीं होता।
विदित है कि प्रदेश अध्यक्षी के लिए अर्जुनराम मेघवाल और गजेंद्रसिंह शेखावत के नामों पर सहमति-असहमतियों का लंबा दौर चला है। इतना ही नहीं पूर्वमंत्री भाटी ने गजेंद्रसिंह को सामाजिक न्याय आरक्षण का विरोधी करार दिया।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी का जिक्र करते हुए भाटी ने कहा कि वे ऐसे कर्मठ कार्यकर्ता हैं जो ना केवल हमेशा लोगों के बीच रहे हैंं बल्कि राजस्थान को अच्छे से समझते भी हैं। भाटी ने यह भी बताया कि उन्होंने सैनी को भी बधाई दी है।











