पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की महंगाई भाजपा की नीयत को दर्शाता है : डॉ. कल्ला

पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों से साबित हुआ कि सरकार की नीयत में खोट : निजामुद्दीन

बीकानेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ भारत बंद के दौरान बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने बीकानेर शहर को बंद करवाने के साथ-साथ पेट्रोल पंप पर धरना देकर केंद्र सरकार की पेट्रोल और डीजल पर बेलगाम नीति और बढ़ती महंगाई पर रोष प्रकट किया।

गंगाशहर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर दिए गए धरने को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और राजस्थान के सह प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि जिस प्रकार से आज पेट्रोल और डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल से भी ज्यादा हो रहे हैं उसे देखकर लगता है सरकार की नीति में ही खोट है, इससे पहले कभी भी क्रूड ऑयल के दामों से ऊंचा पेट्रोल और डीजल हिंदुस्तान में नहीं बेचा गया।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बीडी कल्ला ने संबोधित करते हुए कहा कि आज जो हालात इस देश में बन रहे हैं वह देश के सांप्रदायिक सौहार्द और संघीय ढांचे के लिए उपयुक्त नहीं है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए डॉ. कल्ला ने कहा कि बार-बार उत्पाद शुल्क और एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर केंद्र सरकार ने भारत की आम जनता पर महंगाई को लाद दिया है। पूरे हिंदुस्तान में डीजल और पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं इतना ही नहीं आम जनता के लिए काम आने वाली रसोई गैस के बढ़ते दामों ने भी महिलाओं का और परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। केंद्र सरकार किसी भी स्तर पर अपनी बढ़ती हुई महंगाई को लगाम लगाने में नाकाम रही है और आज राहुल गांधी के निर्देश पर जो धरना और बंद का आह्वान किया गया है वह उसमे मिली अपार सफलता यह साबित करती है कि जनता में भी केंद्र सरकार की बढ़ती महंगाई के खिलाफ रोष व्याप्त है।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने धरना स्थल पर सभी व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से बंद में सहयोग करने वालों का शहर जिला कांग्रेस कमेटी की तरफ से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक जनविरोधी नीतियों को भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार वापस नहीं लेती तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठने वाली। आज का बन्द मात्र एक संकेतात्मक है अगर इसके बाद भी भाजपा सरकारों ने अपना रवैया नहीं सुधारा तो आने वाले समय में कांग्रेस और ज्यादा व्यापक रूप से जनता के साथ आंदोलन करके केंद्र सरकार की पोल खोलने का कार्य करेगी। प्रदेश कांग्रेस सचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ, धरना स्थल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और बीकानेर शहर प्रभारी भरत राम मेघवाल, प्रदेश महासचिव पवन गोदारा, प्रदेश सचिव राजेंद्र गोदारा, जिला प्रमुख सुशीला सींवर, देहात कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, प्रदेश सचिव राजकुमार किराडू, देहात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, पूर्व संसदीय सचिव गोविंदराम मेघवाल, अब्दुल मजिद खोखर, हारून राठौड़, हाजी सलीम सोढा, हारून राठौड़, प्रवक्ता गौरीशंकर व्यास तथा पूनमचंद व्यास सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे जो बाजार बंद करवाने के बाद धरना स्थल पर पहुंचे।

टायर जलाए, की सरकार के खिलाफ नारेबाजी

कांग्रेस केन्द्रीय नेतृत्व की ओर से पेट्रोल, डीजल दामों में वृद्धि के विरोध में भारत बंद आह्वान पर आज युवा कांग्रेस की ओर से गंगाशहर में टायर जलाए गए और केन्द्र व राज्य सरकार के विरोध में नारेबाजी की गई। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान छूने लगे हैं। जिसकी वजह से पहले से महंगाई की मार झेल रहे आमजन का जीना ही मुश्किल हो गया है। पेट्रोल, डीजल के दामों में लगातार हुई वृद्धि की वजह से वाहन चलाना तो मुश्किल हुआ ही है साथ ही बसों, टैक्सियों में सफर करके अपने काम पर जाना भी दुर्भर हो गया है। पेट्रोल, डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी से सब्जी, फल, दालें आदि खाने-पीने का सामान भी महंगा हो गया है। जिसकी वजह से आमजन के मुंह का निवाला भी छिनता नजर आने लगा है। इतना ही सरकार की अकुशलता के कारण ही रुपए की कीमत बहुत गिर गई है। गंगाशहर में प्रदर्शन करने वालों में बिशनाराम सियाग के साथ मगन पाणेचा (ब्लॉक अध्यक्ष), कौशल दुग्गड़, दिलीप बांठिया, सोहन चौधरी, पार्षद हज़ारी देवड़ा, भीखाराम कड़ेला, करण चौधरी, रविन्द्र गोदारा, जगदीश कड़वासरा, गौरव यादव, महेन्द्र ललवानी, टीकूराम मेघवाल, विनित सामसुखा, अर्जुन कच्छावा, शांतिलाल सेठिया, पांचीलाल गहलोत, अजित शर्मा, लालचन्द गहलोत, जयकिशन गहलोत सहित युवा कांग्रेस और कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा सरकार संवेदनहीन : महेन्द्र गहलोत

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने हेतु भाजपा सरकार पर दबाव बनाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी मोहम्मद काजी निजामुदीन व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत ने जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बन्द का जायजा लिया। इसी क्रम में काजी और गहलोत नोखा भी गए और उन्होंने व्यापारिक संगठनों एवं आमजन से वार्ताकर शांतिपूर्ण तरीके से बन्द सफल बनाने की अपील की। उनके साथ नोखा में देहात अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत, नोखा ब्लॉक अध्यक्ष (शहर) मूलाराम मेधवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष केशरीचन्द भूरा, जिला सचिव चेतनराम सियाग, इश्वरराम दावां, भंवरलाल लखारा, भैराराम, हसन कायमखानी, अब्दुल मुस्तफा गाणू खा, आईटीसेल रामरतन कडवासरा, गौरीशंकर नाई, कन्हैयालाल कडवासरा, भतमल नाई, महेश सेन आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर सहप्रभारी काजी निजामुदीन ने मिस्त्री मार्केट में कांग्रेसजनों व स्थानीयजनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा भारत बन्द की घोषणा तत्काल बाद राज्य की भाजपा सरकार ने दबाव में आकर चार प्रतिशत वैट घटाया लेकिन केन्द्र सरकार की सहत पर अब तक कोई असर नही हुआ है। हम चाहते हंै कि केन्द्र सरकार भी पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ी कीमतें घटाकर जनता को राहत प्रदान करे। जिला देहात अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत ने स्थानीय व्यापरियों और आमजन का भारत बन्द में सहयोग करने धन्यवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता व हठधर्मिता के कारण पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की दरें आसमान छू रही है। आमजन भंयकर रूप से त्रस्त है, इसी प्रकार से रसोई गैस की कीमत जोकि वर्ष 2014 में 370 थी, जो अब बढ़कर 810 रूपये प्रति सिलेन्डर पहुंच गई है। हमारी केन्द्र व राज्य सरकार से मांग है कि बढ़ी कीमतें तुरन्त वापस लेकर जनता को राहत पहुंचाए।

Newsfastweb: