बीकानेर। खाजूवाला क्षेत्र के किसानों ने पुलिस कार्यशैली से नाराज होकर आत्मदाह की चेतावनी दी है। खाजूवाला क्षेत्र से एक दर्जन से ज्यादा किसानों के ट्रेक्टर चोरी व ठगी की घटनाओं के शिकार हुए हैं। पीड़ित किसानों ने एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को उपखंड अधिकारी के माध्यम से भिजवाया है। जिसमें 5 जुलाई तक संतोषप्रद जवाब न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला के किसानों से धोखाधड़ी करके एक दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टर हड़प लिए गए। इस मामले को लगभग छह महीने हो रहे हैं। तब से रोजाना किसान पुलिस थाने के चक्कर लगा रहे हैं। इस मामले में कुछ महीने पहले खाजूवाला पुलिस ने उत्तरप्रदेश जाकर वहां कई दर्जन ट्रेक्टर बरामद किए थे।
उसके बाद से पुलिस ना तो बरामद किए गए ट्रेक्टरों को उनके मालिकों को सौंप रही है और न ही उन्हें कोई संतोषजनक जवाब दे रही है। ऐसे में परेशान हुए किसानों ने कई बार उपखण्ड अधिकारी को इस बारे में अवगत भी कराया लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
सिस्टम से परेशान हुए किसानों आज सरकार और प्रशासन को आत्मदाह की चेतावनी दे डाली है।
https://youtu.be/VanngueIQ-c











