बीकानेर। नगर निगम शहर के लगभग 10-12 हजार असहाय गोधों व अन्य गोवंश को चिन्हित कर पकड़ने का कार्य शीघ्र शुरू करेगा। ऐसे असहाय पशुओं को पकड़ने के लिए तीन नए पिंजरों को क्रय कर इन्हें पकड़ा जायेगा।
महापौर नारायण चौपड़ा ने बताया कि निगम के स्वयं के संसाधनों से 2 फरवरी से अब तक 1602 ऐसे पशुओं को पकड़ा गया है। निगम द्वारा सोहनलाल बुलादेवी ओझा गोशाला समिति, नापासर रोड, गाढ़वाला से दो वर्षों के लिए अनुबंध किया गया है।
निगम द्वारा स्थानीय सरह नथानिया क्षेत्र में नंदी गौशाला का शिलान्यास करवाते हुए गौशाला की चार दीवारी का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि 8 से 20 अगस्त तक 131 असहाय पशुओं को निगम ने पकड़वा कर गंगा जुबली पिंजरा पिरोल गोशाला बीकानेर में छुड़वाया गया। शहरी क्षेत्र में असहाय पशुओं को पकड़ने के लिए ठेका स्वीकृत कर दिया गया है. वर्तमान में निगम द्वारा स्वयं के स्तर पर एवं ठेकेदार के द्वारा लगभग 50-60 पशु प्रतिदिन पकड़े जा रहे है।
असहाय पशुओं को पकड़ने के लिए निगम के पास दो एवं ठेकेदार के पास एक पिंजरा है। तीन नए पिंजरे खरीदकर इस समस्या के समाधान के विशेष प्रयास किए जाएंगे।