पत्रकार समाज को जागरूक करने में शक्ति लगाएं : शुभू पटवा

2353

मीडियाकर्मियों ने निवास पर जाकर किया अभिनंदन

बीकानेर। वरिष्ठ पत्रकार शुभू पटवा का कहना है कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आज की नई पीढ़ी अपनी जड़ों को पहचाने और समाज को जागरूक करने में अपनी शक्ति लगाए। ऐसी पत्रकारिता ही देश के विकास को सार्थक बनाने की दिशा में कामयाब भूमिका निभाएगी।

यह बात गुरुवार को पटवा ने आजाद परिवार और मास मीडिया सेंटर की ओर से ‘अपनों का अभिनंदन’ कार्यक्रम के तहत अपने निवास पर एकत्र मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कही। मीडियाकर्मियों ने पटवा को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनकी सामाजिक सेवाओं का स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता कायम रखने के लिए कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्रकारिता का स्वरूप और पत्रकारों की हैसियत दोनों बदल गई है। फिर भी नई पीढ़ी से समाज को बहुत उम्मीदें हैं।

इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत उपनिदेशक किशनकुमार आजाद ने कहा कि पिछली सदी के साठ के दशक से पत्रकारिता शुरू करने वाले श्री पटवा नये आयाम स्थापित किए। उन्होंने एक्टिविस्ट के तौर पर भीनासर गोचर आंदोलन को ना केवर राष्ट्रीय पहचान दिलवाई बल्कि समय-समय पर सरकार की कमियों को उजागर करते हुए रचनात्मक सुझाव भी दिए।

बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेश बोड़ा ने कहा कि श्री पटवा जैसे निर्भीक पत्रकार पत्रकारिता के लिए मील का पत्थर हैं, उनसे युवा पीढ़ी को ऊर्जा मिलती है।

वरिष्ठ पत्रकार श्री श्याम शर्मा ने कहा कि पत्रकारों की पुरानी पीढ़ी और नई पीढ़ी के समन्वय से पत्रकारिता और समाज को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि अपनों का अभिनंदन शृंखला के तहत आजादी के लिए संघर्ष करने वालों और कलमकारों का उनके निवास पर जाकर अभिनंदन किया जाएगा।

युवा पत्रकार रवि विश्नाई ने कहा कि मेरे लिए यह भावुकता भरा क्षण है। वरिष्ठजनों का सम्मान अच्छी परंपरा है। इस मौके पर पत्रकार नीरज जोशी, तोलाराम उपाध्याय आदि मौजूद रहे ।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.