धुपालिया गांव के पास हुई घटना, केबिन में बनी दराज तोड़ कर रुपए ले गए बदमाश
नोखा। धुपालिया गांव के पास ट्रक लूटे जाने का मामला आज नोखा थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो जनों को नामजद करते हुए एक इनके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक नोखा तहसील के मैनसर गांव निवासी सीताराम पुत्र तेजाराम की ओर से दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि वह शनिवार रात को ट्रक लेकर अपने गांव जा रहा था। वह धुपालिया गांव के नजदीक पहुंचा ही था कि एक गाड़ी ओवरटेक करती हुई निकली और उसके ट्रक के आगे रुक गई। गाड़ी में बैठे तीन युवक निकले और उसे रोककर शराब के लिए रुपए मांगने लगे। उसने मना किया तो तीनों युवकों ने उसे ट्रक से बाहर खींच लिया और उसे वहीं पटक कर ट्रक भगा ले गए।
इस पर उसने अपने भाई गिरधारीलाल को मोबाइल के जरिए वारदात की सूचना दी। वह अपने परिजनों को लेकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि वारदातस्थल से सात-आठ किलोमीटर की दूरी पर ट्रक मिट्टी में धंसा हुआ मिला।
उन्होंने ट्रक को देखा कि उसके केबिन में बनी दराज टूटी है और उसमें रखे लगभग सात-आठ हजार रुपए, गाड़ी के कागजात, आधारकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि दस्तावेज वहां से पार हो गए थे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास पता किया तो तीन में से दो युवकों की पहचान महेन्द्र पुत्र बनेसिंह निवासी खिचीयासर और सोनू उर्फ सुभाष पुत्र सुरजाराम निवासी मुकाम के रूप में हुई। पुलिस ने इन दोनों और इनके एक साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया।











