डेढ़ दशक से जेल में कैदियों को करवा रहे हैं रोजा अफ्तारी

2343
कैदी

रोगियों के लिए एम्बूलेंस और शव रखने के लिए डीप फ्रिज भी सेवा में

बीकानेर। कसाईबारी क्षेत्र में रहने वाला एक शख्स पिछले लगभग डेढ़ दशक से हर वर्ष रमजान के महीने में बीकानेर केन्द्रीय कारागार में जाकर कैदियों को रोजा अफ्तारी (rosa aftari) करवा रहा है। धर्म, जाति को दरकिनार कर समाज की सेवा में जुटा यह शख्स नगर निगम में अपनी ड्यूटी भी पूरी इमानदारी के साथ कर रहा है।

निगम में लिपिक के पद पर कार्य कर रहे मोहम्मद नसीम ने खिदमतगार (खादिम) सोसायटी बना रखी है। इस सोसायटी के माध्यम से यह हर वर्ष रमजान के महीने में शाम के वक्त केन्द्रीय कारागार जाते हैं और वहां सजायाफ्ता तथा विचाराधीन कैदियों को नि:शुल्क रोजा अफ्तारी करवाते हैं। जानकार लोग बताते हैं कि वे पिछले डेढ़ दशक से यह काम कर रहे हैं। इसके अलावा इनकी सोसायटी के पास दानदाताओं की ओर से भेंट की गई तीन एम्बूलेंस भी हैं जो रोगियों को अस्पताल पहुंचाने के काम में लगी हुई हैं।

मानव जाति की सेवा को अपना धर्म समझने वाले नसीम ने दानदाताओं के सहयोग से चार डीप फ्रिज भी समाज सेवा के लिए उपलब्ध करवा रखे हैं। कोई भी जरूरतमंद शव रखने के लिए डीप फ्रिज ले जा सकता है। ये सुविधा नि:शुल्क है लेकिन डीप फ्रिज को लाने-लेजाने की व्यवस्था जरूरतमंद को ही करनी होती है। नसीम ने बताया कि क्षेत्र के कई साथी जुड़े हुए हैं जो उनके साथ साथ समाज सेवा के कार्यों में सहयोग करते हैं।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.