जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने खेल दिवस (29 अगस्त) पर खेल प्रतिभाओें एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
राजे ने अपने संदेश में कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है ताकि युवा खेलों के माध्यम से दुनिया में भारत का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि इसके अलावा खेल गतिविधियों को जीवन में अपनाने से व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है एवं उसका सर्वांगीण विकास हो पाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य व देश की खेल प्रतिभाओं द्वारा एशियाई खेलों में पदक जीतने पर खुशी व्यक्त करते हुए युवाओं का आह्वान किया कि वे कठोर मेहनत, अनुशासन और कौशल के माध्यम से राष्ट्र का गौरव बढ़ाएं।