बीकानेर। हेल्पेज इंडिया के सहयोग से कोलासर ग्राम पंचायत के 11 वृद्धजनों ने सोमवार को बीकानेर के सांसद व राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नेतृत्व में लोकसभा व राज्यसभा का अवलोकन किया और दोनों सदनों की कार्यवाही के बारे में जानकारी ली।
संसद के दोनों सदनों और दिल्ली के कुछ अन्य दर्शनीय व ऐतिहासिक स्थलों को देखकर वृद्धजन बहुत प्रसन्न हुए।
हेल्पेज इंडिया के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी भरत राजपाल ने बताया कि मेघवाल ने ही इन वृद्धजनों को संसद भवन के अवलोकन हेतु आमंत्रित किया था। मेघवाल ने अपने निवास पर ही सभी के ठहरने की व्यवस्था की।
इन वृद्धजनों में हेल्पेज इंडिया की ओर से कोलासर में संचालित एल्डर सेल्फ हेल्प ग्रुप के अध्यक्ष भंवरलाल उपाध्याय सहित अन्य सदस्य शामिल थे।