केजरीवाल पर गोली चलाने वाला था, मिर्ची पाउडर फेंक गया

देश की राजधानी नई दिल्ली में आज मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मिर्ची पाउडर फेंका गया। घटना के वक्त धक्का-मुक्की भी हुई थी, जिसमें उनका चश्मा भी टूटा। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भागने की फिराक में था। पर सचिवालय में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे धर दबोचा। उसकी शिनाख्त 40 वर्षीय अनिल कुमार शर्मा के रूप में हुई है।

पूछताछ में उसने बताया कि वह सीएम को जान से मारने आया था। उसका मकसद तो उन पर गोली चलाना था। वह इस बाबत फेसबुक पोस्ट भी कर चुका था। यह घटना दोपहर दो बजकर 10 मिनट के आसपास की है। तीसरे माले पर सीएम तब लंच के लिए जा रहे थे, जबकि शर्मा विजिटर्स एरिया में इंतजार कर रहा था। उसने सिगरेट के पैकेट में मिर्ची पाउडर छिपा रखा था।

हमलावर दिल्ली के नारायणा इलाके का रहने वाला है। आगे की पूछताछ के लिए इंद्रप्रस्थ थाने ले जाया गया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बोली कि यह हमला केजरीवाल ने खुद कराया है, जबकि शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक टीवी चैनल से कहा, सचिवालय में बगैर पास के कोई नहीं जा सकता। ऐसे में अगर पास जारी हुआ है, तो यह बात कुछ मंत्रियों या विधायकों की जानकारी में होगी।

Newsfastweb: