नोखा के जांगलू गांव में हुआ हादसा
बीकानेर। जोधपुर डिस्कॉम में संविदा पर लगे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नोखा पुलिस ने शव को वहां के राजकीय अस्पताल में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद डिस्कॉम के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान नोखा के बनिया गांव के रहने वाले त्रिलोकाराम के रूप में की गई है। वहीं करंट की चपेट में आकर झुलसा युवक सलुण्डिया गांव का रहने वाला जेठाराम बताया रहा है। झुलसा युवक नोखा के राजकीय अस्पताल में उपचाराधीन है।
बताया जा रहा है कि त्रिलोकाराम काफी समय से जोधपुर डिस्कॉम में संविदा पर कार्य कर रहा था। आज शाम को वह जांगलू गांव में स्थित गोशाला के पास लगे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था। उस दौरान जेठाराम भी गोशाला में विद्युत कार्य कर रहा था।
हादसे की वजह से अचानक किसी के द्वारा विद्युत आपूर्ति शुरू कर दिया जाना बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।











