ईदुल फित्र की नमाज के लिए शनिवार सुबह मुस्लिम समुदाय के पुरुष ईदगाह बारी बाहर स्थित ईदगाह पहुंचे और आज की विशेष इबादत की।
नया शहर स्थित इस बड़ी ईदगाह पर सुबह से चहल-पहल थी। जिले की पुलिस और प्रशासन जहां व्यवस्था में लगे दिखे वहीं उनके आला अधिकारी नया शहर थाने से उन सबकी देखरेख कर रहे थे।
वैसे तो ऐसे सभी अवसरों पर सभी पार्टियों के राजनेता नमाज के बाद निकास दरवाजों अपनी हाजरी बजाते दिखाई दे जाते हैं, लेकिन इस चुनावी वर्ष में उन में विशेष उत्सुकता देखी गई।
रमजान माह में पूरे महीने रखे जाने वाले रोजे और प्रतिदिन की विशेष इबादतों के बाद आने वाला यह त्योंहार मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है।
बड़ी ईदगाह मैदान में शहर काजी मुश्ताक अहमद ने मुख्य नमाज अदा कराई। पूर्व मंत्री डॉ. बीडीकल्ला, शहर भाजपा अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य सहित अनेक गणमान्यों ने अकीदतमंदों को ईद मुबारकबाद दी।
ईद की नमाज अदा करने के बाद जिला प्रशासन की ओर से नयाशहर थाना परिसर में ईद स्नेह मिलन समारोह रखा गया जिसमें जिला कलक्टर डॉ.एनके गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा सहित शहर काजी मुश्ताक अहमद, ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष हाजी फरमान अली सहित कई लोगों ने ईद की मुबारकबाद पेश की।











