एसओजी महानिरीक्षक दिनेश एमएन ने जारी किए आदेश
बीकानेर। अन्तरराज्यीय संगठित अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए प्रदेश की पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। एसओजी ने इसके लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में हुए एक हिस्ट्रीशीटर के मर्डर के बाद जब प्रारम्भिक जांच में किसी गैंग की ओर से वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई तो श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक ने एसओजी को पत्र लिखा। जिसमें गंभीर अपराध करने के बाद अपराधियों के दूसरे राज्यों में चले जाने की बात कही गई। इस पर स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) के महानिरीक्षक दिनेश एमएन ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए अन्तरराज्यीय संगठित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया। इस टीम पर पर्यवेक्षण के लिए एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भटनागर को नियुक्त किया। यह विशेष टीम श्रीगंगानगर पुलिस के साथ समन्वय रखते हुए अपना काम करेगी। गौरतलब है कि एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भटनागर बुधवार को जयपुर से श्रीगंगानगर पहुंच गए हैं।