जयपुर। रजिस्ट्रार, सहकारिता राजन विशाल ने बुधवार को बताया कि पैक्स/लैम्प्स के अस्थाई व्यवस्थापकों के 31 अगस्त तक स्क्रिनिंग करने के आदेश जारी कर दिए गए है, जिसके माध्यम से लगभग 1500 व्यवस्थापकों को स्थाई किया जायेगा। स्थाई होने पर व्यवस्थापकों को नियमित ग्रेड-पे जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
यह कार्य जिला स्तरीय स्क्रिनिंग कमेटी द्वारा किया जाएगा। इस कमेटी में जिला कलक्टर अध्यक्ष, संबंधित केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष, कमेटी के सहअध्यक्ष, प्रबंध निदेशक केन्द्रीय सहकारी बैंक सदस्य सचिव, जिला उप रजिस्ट्रार एवं अध्यक्ष (संबंधित ग्राम सेवा सहकारी समिति) सदस्य होंगे।
विशाल ने बताया कि अस्थाई व्यवस्थापकों को शैक्षणिक नियमों एवं अनुभव में पहले ही शिथिलता दी जा चुकी है। इससे ग्राम सेवा सहकारी समितियों में सेवाएं दे रहे कार्मिक जिनके पास नियुक्ति के समय निर्धारित योग्यता नहीं थी तथा जिस समिति में व्यवस्थापक के पद के लिए स्क्रिनिंग की जा रही है उस समिति में पर्याप्त कार्य अनुभव नहीं था, उन्हें नियमों में शिथिलता देकर इस प्रक्रिया के माध्यम से स्थाई किया जा सकेगा।











