रिश्तों को रिचार्ज करने में जुटे बीकानेर के भाजपाई

2628

करीब ढाई महीनों बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर मदनलाल सैनी की नियुक्ति के बाद यकायक भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में हलचल बढ़ गई है। प्रदेश के विभिन्न अंचलों के नेता और कार्यकर्ता पार्टी के जयपुर स्थित मुख्यालय में दिखने लगे हैं।

बीकानेर अंचल से भी मदनलाल सैनी का नाता रहा है। ओम माथुर की अध्यक्षी के दौरान जब वे प्रदेश महामंत्री थे, तब उनका बीकानेर आना-जाना रहा है, ऐसे में स्थानीय नेता सैनी के तब के अपने सान्निध्य को नया-पुराना करने में जुट गए हैं।

बीकानेर के कई नेता सोशलसाइट्स पर सैनी के साथ के पुराने फोटो लगा रहे हैं वहीं कुछ सैनी को बधाई देने जयपुर पहुंच रहे हैं। मदनलाल सैनी की एक बेटी बीकानेर में ही रहती है वहीं कई नेताओं से सैनी के संबंध भी मधुर रहे हैंं। पूर्वमंत्री देवीसिंह भाटी ना केवल मदनलाल सैनी को बधाई दे चुके हैं बल्कि सीधे तौर पर गजेंद्रसिंह शेखावत पर निशाना भी साध चुके हैं। भाटी ने इसी बहाने ओम माथुर को भी बधाई दी है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी मदनलाल सैनी को बधाई देते हुए कहा कि सैनी की जाति को ध्यान में रखकर नहीं उनके काम के मद्देनजर ये जिम्मेदारी दी गई है।

1997 में जब जालमसिंह भाटी भाजपा के देहात अध्यक्ष थे तो सैनी महामंत्री के तौर पर बीकानेर के प्रभारी भी रहे। जालमसिंह भाटी बताते हैं की मदनलाल सैनी संगठननिष्ठ हैं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने में भरोसा रखते हैंं।

बधाई देनें जयपुर मुख्यालय पर पहुंचने वाले नेताओं में किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशमंत्री दीपक पारीक, भाजयुमो नेता सुरेंद्रसिंह शेखावत, किसनाराम नाई के पौत्र नितिन सहित कुछ युवा नेता शामिल है ।

इस नई नियुक्ति से बीकानेर के वे भाजपाई भी खुश दिख रहे हैं जो ओम माथुर कैंप से जुड़े रहे है। माना जा रहा है कि मदनलाल सैनी की नियुक्ति में वसुंधरा राजे के स्टैंड के साथ-साथ ओम माथुर का वरदहस्त मिलना भी महत्वपूर्ण रहा है। निश्चित तौर पर प्रदेश भाजपा की नई टीम बनेगी, ऐसे में अभी से भाजपा नेता नवनियुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से मिलकर अपने संबंधों को टॉपअप करने में जुट गए हैं। हालांकि यह सच है कि सैनी कार्यकर्ताओं के बीच से निकले व्यक्ति हैंं लेकिन कुर्सी पर आसीन होने के बाद सैनी के कद और रुतबे के साथ व्यस्तता बढ़ ही गई है।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.