जयपुर। यूथ आइकन स्कीम के तहत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं के चयन के लिए राजस्थान युवा बोर्ड द्वारा आवेदन आमंत्रित किये गए हैं।
इस स्कीम के तहत राज्य में कला, संस्कृति, खेल, मीडिया, शैक्षणिक, डिजाइनिंग, कृषि, पर्यावरण, उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, विज्ञान, सामुदायिक सेवा आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा। इन युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में युवा प्रेरणा पुरस्कार दिये जाएंगे तथा इन प्रतिभाशाली युवाओं में से एक को राज्य स्तर पर युवा आइकन के रूप में भी चयनित किया जाना है।
चयनित युवाओं को पुरस्कार स्वरूप पदक, प्रमाण-पत्र तथा नकद राशि दी जाएगी।
राजस्थान युवा बोर्ड के अध्यक्ष भूपेन्द्र सैनी ने बताया कि राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को सशक्त तथा प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत इस स्कीम की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य के योग्य उम्मीदवार राजस्थान युवा बोर्ड की वेबसाइट www.rajasthanyouthboard.com पर 31 जुलाई 2018 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्कीम से संबंधित अन्य नियम तथा शर्तों की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है।











