चिकित्सक पर हमले का प्रकरण
नोखा। राजकीय बागड़ी अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीसी तंवर पर हुए हमले के प्रकरण में आज पुलिस ने वारदात स्थल के आस-पास लगे सीसी कैमरों में कैद हुए घटना के फुटेज हासिल कर लिए हैं। इन फुटेज में चार हमलावरों की करतूत कैद हुई बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक हमलावारों के बारे में पता लगने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। डॉ. तंवर की रिपोर्ट पर अज्ञात हमलावारों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब साढ़े आठ बजे डॉ. तंवर अपनी कार में जा रहे थे। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए कुछ हमलावरों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। इस वारदात में डॉ. तंवर चोटिल हुए हैं और उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इस वारदात में किसी तरह से डॉ. तंवर ने अपनी जान बचाई है।
घटना को लेकर चिकित्सकों में रोष
नोखा में डॉ. तंवर पर हुए इस हमले की वारदात से यहां के चिकित्सकों में रोष व्यापत है। आज चिकित्सकों ने जिला प्रशासन से मिलकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया। साथ ही इस प्रकार की घटनाएं नहीं हों, इसके लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई करने की मांग भी की गई।











