किसानों की आय बढ़ाने में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका- मेघवाल

2346

बीकानेर। केन्द्रीय जल संसाधन  राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने में तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है। मेघवाल ने मंगलवार को स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।

मेघवाल ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र अधिक से अधिक किसानों को जोड़ कर आधुनिकतम कृषि तकनीक का प्रशिक्षण दें। उन्होंने कहा कि केन्द्र को आकर्षक बनाया जाए तथा यहां जो अनुसंधान हो रहे हैं उन्हें किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने किसानों से खेती के साथ पशुधन उत्पादन, बकरी पालन, मछली पालन, मुर्गी पालन, मशरूम, एजोला, खेजड़ी, केर आदि की खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को मूंगफली की खेती में बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति का प्रशिक्षण दिया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. बीआर छीपा ने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्रों में प्रशिक्षण के समय पुरुष एवं महिला किसान दोनों को प्रशिक्षण देना चाहिए। कृषि प्रसार शिक्षा के निदेशक डाॅ एसके शर्मा ने बताया कि केंद्र में मुर्गीपालन, मछली पालन किया जा रहा है और इसका प्रशिक्षण किसानों को दिया जा रहा है। पशुओं के दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए इजोला की खेती का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। डाॅ मदन लाल रेगर ने कृषि विज्ञान केंद्र बीकानेर के 35 वर्षों की गतिविधियों, कार्यों, केंद्र पर उपलब्ध सुविधायों की जानकारी दी। प्रभारी डाॅ दुर्गासिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ चित्रा हेनरी ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन, डायरेक्टर, इंचार्ज तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान उपस्थित थे। इससे पूर्व मेघवाल ने केन्द्र का निरीक्षण किया।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.