निगम आयुक्त कक्ष में महिलाओं ने दिया धरना, सुनाए भजन

0
280
निगम आयुक्त

गंदा पानी घर के आगे पसरे रहने से परेशान हैं हनुमान हत्था क्षेत्र के लोग, नाला निर्माण की वजह से पैदा हुई समस्या।

बीकानेर। घरों के आगे गंदा पानी पसरे रहने से परेशान हुए हनुमान हत्था क्षेत्र की महिलाओं ने आज नगर निगम आयुक्त कक्ष में धरना लगा दिया। धरने के दौरान महिलाओं ने वहां ढोलक की थाप पर निगम आयुक्त को भजन सुनाए।

दरअसल, हनुमान हत्था क्षेत्र में इन दिनों नाला निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जिसकी वजह से क्षेत्र में रहने वालों के घरों के आगे गंदा पानी पसरा हुआ है। जूनागढ़ मण्डल अध्यक्ष विजयसिंह के नेतृत्व में यह प्रदर्शन निगम आयुक्त कक्ष में किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नाला निर्माण करवा रहे ठेकेदार ने गंदे पानी की निकासी के लिए वहां वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। जिसकी वजह से उनके घरों के आगे गंदा पानी पसर गया है। क्षेत्रवासियों ने ठेकेदार को अपनी समस्या से अवगत कराया लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। ठेेकेदार के रवैये से परेशान होकर हनुमान हत्था क्षेत्र के लोगों ने निगम अधिकारियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए आग्रह किया लेकिन निगम अधिकारियों ने भी उनकी नहीं सुनी। पिछले कई दिनों से गंदे पानी फैला होने से परेशान हुए लोगों ने आज निगम आयुक्त कक्ष में धरना लगा दिया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी हनुमान हत्था क्षेत्र के लोगों ने मौके पर रास्ता रोक कर अपनी समस्या के समाधान के लिए निगम प्रशासन से गुहार लगाई थी। लेकिन सिसकते सिस्टम की वजह से उनकी समस्या जस की तस बनी रही, जिसकी वजह से आज उन्हें निगम आयुक्त कक्ष में धरना लगाना पड़ा। बताया जा रहा है कि काफी देर तक धरना लगाने के बाद निगम अधिकारियों की ओर से उनकी समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया, तब कहीं जाकर धरना फिलहाल खत्म किया गया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here