हिन्दू जागरगण मंच की ओर से आयोजित की गई धर्मयात्रा, ऊंट, घोड़ों पर सवार होकर शामिल हुए बालक
काफी तादाद में महिलाओं ने भी निभाई भागीदारी, चहुंओर फहराई धर्म ध्वजा
बीकानेर। भारतीय नव वर्ष और चैत्र प्रतिपदा यानि वासंतीय नवरात्रि के पहले दिन समूचा शहर भगवा रंग में रंग गया। लोगों ने उत्साह से भारतीय नव वर्ष मनाया। इस अवसर पर हिन्दू जागरण मंच की ओर से धर्मयात्रा आयोजित की गई जिसमें पारम्परिक परिधान में सैकड़ों लोग उमड़े। जूनागढ़ के सामने नव वर्ष की पहली संध्या पर मां भारती की आरती की गई।
एमएम ग्राउंड से रवाना हुई इस रैली में ऊंटों और घोड़ों पर सवार हुए बालक भी शामिल हुए। वहीं पुरूष पारम्परिक वेषभूषा सफेद कुर्ता-पजामा पहने और सिर पर केशरिया रंग का साफा बांधकर और धर्म ध्वजा हाथों में लेकर शामिल हुए। वहीं महिलाएं भी केशरिया रंग की साड़ी पहने नजर आईं। करीब चार किलोमीटर की इस रैली का विभिन्न संगठनों की ओर से जगह-जगह पुष्प, गुलाल और इत्र की वर्षा कर स्वागत किया गया और सनातनियों के माथे पर चंदन से त्रिपुंड लगाया गया। विभिन्न संगठनों की ओर से धर्मयात्रा में शामिल हुए लोगों को शरबत, शीतल पेयजल की बोतल, आईसक्रीम आदि की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। धर्मयात्रा के रास्ते पर जगह-जगह डीजे लगे थे जिन पर देशभक्ति और रामभजन बजाए जा रहे थे। देशभक्ति गीतों और रामभजनों पर लोग नाचते नजर आए। बीकानेर पश्चिम क्षेत्र विधायक जेठानंद व्यास आज अपने समर्थकों के साथ धर्मयात्रा में शामिल हुए। वे एमएम ग्राउंड से ही धर्मयात्रा के चले। बाद में वे जूनागढ़ के सामने जीप में बैठ कर पहुंचे। उनके साथ किशन चौधरी सहित कई समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता रहे।
वहीं बहुत से सनातनी केशरिया पताकाएं लगाए मोटर साइकिल, स्कूटी, टैक्सी और स्वयं के चौपहिया वाहनों में बैठकर धर्मयात्रा में शामिल हुए। धर्मयात्रा के दौरान भारत माता की जय, जय श्रीराम के जयकारें लगाए जा रहे थे। एमएम ग्राउंड से लेकर जूनागढ़ तक हर जगह माहौल भगवा और राममय हो गया। धर्मयात्रा जूनागढ़ के सामने पहुंची, वहां सजे मंच पर मौजूद साधू-संतों और हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने मां भारती की आरती की। इससे पहले शहर के विभिन्न मोहल्लों में भारतीय नव वर्ष और चैत्र प्रतिपदा यानि नवरात्रि पर धर्म रैलियों का आयोजन किया गया।
#Kaant K. Sharma / Bhawani Joshi www.newsfastweb.com