अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की तैयारियां शुरू

0
191
अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव

12 व 13 जनवरी को होगा आयोजित

बीकानेर। 26 वां अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव 12 व 13 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। इस सम्बंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एएच गौरी ने कहा कि ऊंट उत्सव के दौरान स्थानीय और विदेशी पर्यटकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया और मुख्य मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए।

गौरी ने कहा कि आयोजन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े तथा स्थानीय लोग पर्यटकों के साथ शिष्टता का व्यवहार करें। स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जाएं ताकि स्थानीय लोक संस्कृति से पर्यटकों का परिचय हो तथा वे मरू नगरी की समृद्ध संस्कृति से रूबरू हो सके।

अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव

 

उन्होंने कहा कि शोभायात्रा, हेरिटेज वॉक आदि के दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया जाए। ऊंट उत्सव के मुख्य आयोजन स्थल डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में पुलिस बल तैनात रहे।

उन्होंने नगर विकास न्यास को सभी प्रमुख पर्यटक स्थलों पर लाइटिंग करने तथा नगर निगम को शहर के सभी प्रमुख मार्गों, पर्यटक स्थलों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन, नगर विकास न्यास, नगर निगम, पुलिस, पशुपालन सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मरू संस्कृति से रूबरू होंगे पर्यटक

अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा ने बताया कि उत्सव का आगाज 12 जनवरी को जूनागढ़ के सामने शोभायात्रा से किया जाएगा। इसके बाद डॉ.करणीसिंह स्टेडियम में ऊंट नृत्य, श्रृंगार, फर कटिंग एवं मि. बीकाणा, मिस मरवण इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शाम को देश के विभिन्न अंचलों एवं राजस्थान के प्रमुख लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

उत्सव के दूसरे दिन में शहर में रामपुरिया हवेली से बीकाजी की टेकरी तक हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में देशी-विदेशी पर्यटकों के मध्य रस्साकसी, कब्बडी, कुश्ती, मटका दौड़, साफा बांध, म्यूजिकल चेयर इत्यादि खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

6 से13 जनवरी तक लगेगी रूस की प्रदर्शनी

उन्होंने बताया कि 6 से 13 जनवरी तक डिस्कवरिंग रशिया-2019 प्रदर्शनी का आयोजन लक्ष्मी निवास पैलेस में किया जाएगा। इसमें रुस के हैरिटेज पर रुस के कलाकारों द्वारा बनायी गई पेंटिग्स का प्रर्दशन किया जाएगा।

साथ ही बीकानेर के कलाकरों द्वारा राजस्थान के हेरिटेज पर पर बनायी गयी पेंटिग्स की प्रतियोगिता करवायी जाएगी तथा प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ पेंटिग्स का प्रर्दशन रुस में किया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here