पुलिस ने सोशल मीडिया पर शुरू किया ‘केबीसी’

0
218
'केबीसी'

आमजन को कानून की जानकारी देने की कवायद

जयपुर/बीकानेर। सुप्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़ पति’ (केबीसी) की तर्ज पर प्रदेश की पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर खुद का ‘केबीसी’ शुरू किया है।

लोगों को अपराधों और कानून की जानकारी देने के लिए शुरू किए गए इस केबीसी क्विज का पूरा नाम है ‘कितना बडा क्राइम’। इसमें राजस्थान पुलिस की ओर से हर रोज एक सवाल पोस्ट किया जा रहा है। यह सवाल अपराध और उससे जुड़ी भारतीय दण्ड संहिता की धाराओं के बारे में होता है।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी गल्होत्रा का मानना है कि इसका उद्देश्य लोगों को अपराध से जुड़े कानूनों की जानकारी रोचक अंदाज में देना है।

यह पहल प्रदेश पुलिस के एडीजी (सीबी और सीआइडी) पंकज कुमार सिंह ने की है। उनका कहना है कि अभी हमने इस पर कोई पुरस्कार नहीं रखा है, लेकिन इस बारे में भी विचार किया जा सकता है।

जो भी हमें फेसबुक और टिवट्र पर फॉलो कर रहा है, वह इनके उत्तर दे सकता है। इस क्विज में महिलाओं से यौन शोषण, पर्यटक स्थलों पर भीख मांगने जैसे मामलों में दर्ज धाराओं व निर्भया केस के बाद कानून में किए गए बदलाव आदि के बारे में सवाल पूछे गए हैं।

सवाल बिल्कुल ‘केबीसी’ की तर्ज पर हैं और स्क्रीन पर चार विकल्प दिए जाते हैं, जिसमें संबंधित अपराध से जुड़ी धाराओं में से सही धारा का चुनाव करना होता है।

राजस्थान पुलिस की इस पहल पर लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया भी मिल रही है और औसतन 200 से 400 लोग अभी इससे जुड़ रहे हैं। दिन-प्रतिदिन यह आंकड़ा बढ़ रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here