बदहाल सिवरेज व्यवस्था से तेलीवाड़ा के लोग परेशान

0
191
सिवरेज

शिकायत के बाद भी नगर निगम नहीं करवा रहा दुरुस्त

बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को उनकी ही पार्टी के पदाधिकारी यहां पलीता लगाते नजर आ रहे हैं। शहर में कई स्थानों पर सिवरेज व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो गई है। जिसकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।

हैरानी की बात तो यह है कि शहर में सिवरेज व्यवस्था सुचारू रखने का जिम्मा संभालने वाला निकाय नगर निगम इस ओर अनदेखी कर रहा है।

शहर में सिवरेज व्यवस्था की बात करें तो बहुत से गली-मोहल्ले ऐसे हैं जहां सिवरेज के मेनहॉल और चेम्बरों से गंदा पानी निकल कर सड़कों पर पसरा हुआ दिख जाएगा। इन गली-मोहल्लों में रहने वाले लोगों ने कई बार नगर निगम कार्यालय में इसकी शिकायत भी की है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

बदहाल सिवरेज का ताजा मामला तेलीवाड़ा चौक क्षेत्र से आया है। यहां रहने वाले बसन्त आचार्य एडवोकेट के मुताबिक काफी समय से सिवरेज जाम पड़ी है। मेनहॉल चॉक पड़े हैं। इस बारे में कई बार निगम कार्यालय में आयुक्त और अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं करवाई गई। इसके बाद इस समस्या से महापौर नारायण चौपड़ा को भी अवगत कराया गया लेकिन उन्होंने भी कोई ध्यान नहीं दिया।

पिछले चार-पांच महीनों से क्षेत्र के लोग इस समस्या से परेशान हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि सिवरेज का गंदा पानी सड़कों पर पसरे रहने से माहौल में दुर्गन्ध बनी रहती है। वहीं गंदा पानी पसरे रहने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है।

कुल मिला कर यह हाल सिर्फ तेलीवाड़ा चौक का ही नहीं बल्कि शहर में कई स्थानों पर देखा जा सकता है। नगर निगम आयुक्त और अन्य अधिकारियों की बेपरवाही और महापौर की निष्क्रियता का खमियाजा आने वाले दिनों में पार्टी को भुगतना पड़ सकता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here