सिर्फ मालवीय ही नहीं प्रदेश कांग्रेस के 3 और कद्दावर नेता भाजपा में होने वाले हैं शामिल

0
536
Not only Malviya, 3 more powerful leaders of State Congress are going to join BJP.
photo by google

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका

बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट से भाजपा बना सकती है मालवीय को प्रत्याशी

बीकानेर। मौसम के रंग बदलते तेवर के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर देश का सियासी तेवर भी तेजी से बदल रहा है। हाल ही में महाराष्ट्र में बड़े झटके खाने के बाद अब यहां कांग्रेस की हालत खराब हो रही है। वजह है सालों तक कांग्रेस का झंडा बुलंद करने वाले कद्दावर नेताओं का भाजपा में शामिल होना। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के कई कद्दावर नेता पाला बदलने की फिराक में हैं।


इसमें सबसे बड़ा नाम बागीदौरा विधायक और पूर्व मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीय का है, जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। उनके दल बदलने से प्रदेश की राजनीति में सियासी भूचाल मचा है। लेकिन केवल महेंद्रजीतसिंह मालवीय ही नहीं कांग्रेस के तीन पूर्व मंत्री भी भाजपा के संपर्क में हैं।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश में कांग्रेस के चार कद्दावर नेता भाजपा में शामिल होने वाले हैं।

ये 4 नेता हैं- महेंद्रजीतसिंह मालवीय, लालचंद कटारिया, उदयलाल आंजना, रिछपाल मिर्धा। महेंद्रजीतसिंह मालवीय आज दिल्ली में हैं। कहा जा रहा है कि आज देर शाम तक वो भाजपा में शामिल हो जाएंगे। अन्य तीन नेताओं के बारे में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया, उदयलाल आंजना और वरिष्ठ नेता रिछपाल मिर्धा कल दिल्ली में भाजपा का दामन थाम सकते हैं। तीनों नेता विशेष विमान से दिल्ली जाएंगे। जहां वो भाजपा के सीनियर नेताओं के सामने भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

महेंद्रजीतसिंह मालवीय सीडब्ल्यूसी सदस्य भी हैं


एनएसयूआई के जरिए छात्र राजनीति से शुरुआत के बाद महेंद्रजीतसिंह मालवीय कांग्रेस से विधायक, मंत्री, सांसद बनते हुए कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य तक बने। लेकिन अब वो अपनी ही पार्टी से नाराज हैं। एक समय में अशोक गहलोत को राजस्थान का गांधी कहने वाले महेंद्रजीतसिंह मालवीय अब भाजपा में शामिल होने वाले हैं। मालवीय गहलोत सरकार में दो बार मंत्री रहे हैं। मालवीय की गिनती गहलोत गुट के नेताओं में होती है। भाजपा मालवीय को बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here