जालौर-सिरोही लोकसभा सीट : पार्टी से ज्यादा अशोक गहलोत को बेटे की चिंता

0
298
Jalore-Sirohi Lok Sabha seat: Ashok Gehlot is more worried about his son than the party.

पार्टी के अन्य प्रत्याशियों को बराबर समय नहीं दे सके पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत

बीकानेर। जालौर-सिरोही लोकसभा सीट पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए प्रतिष्ठा बन गई है। जालौर-सिरोही लोकसभा सीट से अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। वैभव को जिताने के लिए पूर्व सीएम गहलोत पिछले एक महीने से ज्यादा समय से जालौर-सिरोही क्षेत्र में डटे हुए हैं। यही वजह है कि वे इन लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के अन्य प्रत्याशियों को बराबर का समय नहीं दे सके। जिसे देखकर सियासी गलियारों में चर्चाएं होने लगी कि पार्टी से ज्यादा अशोक गहलोत को बेटे की चिंता है।


राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस लोकसभा क्षेत्र में जालौर और सिरोही जिले के 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। जालौर में पिछले 20 साल से भाजपा का दबदबा है। मोदी लहर से पहले ही जालौर में भाजपा ने अपने पैर जमा लिए थे। वर्ष, 2004 के लोकसभा चुनाव में सुशीला बंगारू ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। इसके बाद लगातार तीन बार देवजी पटेल भाजपा के बैनर तले लोकसभा सांसद बनते रहे। इस बार बीजेपी ने प्रत्याशी बदल दिया है। दिग्गज नेताओं को दरकिनार करते हुए एक उन्नत किसान लुंबाराम चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा जो पिछले कई साल से भाजपा में सक्रिय है। लुंबाराम के मुकाबले कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को चुनाव मैदान में उतारा है।


वैभव गहलोत को जालौर-सिरोही लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारे जाने के बाद से पूर्व सीएम अशोक गहलोत सिर्फ वहीं व्यस्त हैं। हालांकि वे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की कैंपेनिंग कमेटी के चेयरमैन हैं। उनका फर्ज है कि वे पार्टी के सभी प्रत्याशियों को बराबर समय दे लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं। उन्हें पार्टी के बजाय केवल अपने बेटे की भविष्य की चिंता है। गहलोत यह जानते थे कि जोधपुर में गजेंद्रसिंह शेखावत के सामने वैभव गहलोत की दाल नहीं गलेगी। ऐसे में जीत की उम्मीद लेकर उसे जालौर ले गए। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सहित पार्टी के कई नेताओं की रैलियां भी कराई। बताया जा रहा है कि जालौर सीट पर माली समाज के मतदाताओं की संख्या अच्छी तादाद में है। उसी से आस करते हुए वे वैभव गहलोत को जालौर ले गए।


जालौर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 8 विधानसभाओं के कुल 2297328 मतदाता हैं जो जालौर-सिरोही के भावी सांसद का भाग्य तय करेंगे। कुल 2297328 मतदाताओं में से पुरुष मतदाताओं की संख्या 1205543 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1091771 है। कुल मतदाताओं में 14 थर्ड जेंडर वोटर भी हैं। जालौर लोकसभा में सर्विस वोटर की संख्या 364 है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here