राजस्थानी संस्कृति से अभिभूत हुए देशी-विदेशी पर्यटक

0
176
पर्यटन
विश्व पर्यटन दिवस पर कई कार्यक्रमों का आयोजन

बीकानेर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से आज कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गंगा राजकीय संग्रहालय में इस अवसर पर पर्यटकों का नि:शुल्क प्रवेश रहा और जूनागढ़ में देशी-विदेशी पर्यटकों का परम्परागत रूप से स्वागत किया गया।

राजस्थानी कलाकारों की ओर से राजस्थानी धुनों के द्वारा पर्यटकों का मनोरंजन किया गया। मशक वादन, झुनझुनियां आदि राजस्थानी वाद्य यंत्र बजाकर विदेशी पर्यटकों का कलाकारों ने मन मोह लिया। दोनों ही स्थानों पर  विभाग की ओर से पर्यटन साहित्य का नि:शुल्क वितरण किया गया।

इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर शैलेन्द्र देवड़ा व पर्यटन अधिकारी भी मौजूद रहे। राजकीय संग्रहालय में विश्व पर्यटनदिवस पर काफी तादाद में देशी-विदेशी पर्यटकों का पहुंचना देखा गया। विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ देशी पर्यटकों नें भी संग्रहालय का अवलोकन किया।

संग्रहालय की 14 विभिन्न दीर्घाओं में पुरास्थल कालीबंगा से प्राप्त लगभग 5 हजार वर्ष प्राचीन सैन्धवकालीन संस्कृति के अवशेषों से लेकर 20 वीं शताब्दी के प्रारंभिक काल तक की कला-पुरा सामग्री का प्रदर्शन किया गया है।

संग्रहालय की इन दीर्घाओं में बीकाणा क्षेत्र के रंग महल की मृण प्रतिमाएं, प्राचीन मुद्राएं, शिलालेख, अस्त्र-शस्त्र, लघु चित्र, तेल चित्र, शाही परिधान आदि प्रदर्शित किए गए हैं। जो विदेशी पर्यटकों के साथ देश के अन्य प्रान्तों से आए पयर्टकों को भी राजस्थानी संस्कृति से परिचय कराते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here