बेरीकेड्स हटाकर अंदर जाने की कर रहे थे जबरदस्ती
अब कुछ दिनों में पुलिस के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी
बीकानेर। अमेरिका से भारत भेजे गए प्रवासी नागरिकों के साथ अमानवीय व्यवहार के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर आज पुलिस ने लाठियां भांजी। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने दस्तयाब कर कलक्टर कार्यालय से दूर ले जाकर छोड़ दिया।
दरअसल, प्रदर्शन करने आए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर लगे बेरीकेड्स को जबरन गिराकर अंदर जाने का प्रयास किया था। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने यूथ कांग्रेस नेताओं को समझाने की कोशिश की। तभी यूथ कांग्रेस नेताओं और पुलिस में बहस हो गई। जिसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को वहां से बाहर की तरफ खदेड़ने की कोशिश शुरू की। इस दौरान कार्यकर्ता और पुलिस आमने- सामने हो गए। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए पुलिस को लाठिया भांजनी पड़ी। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को दस्तयाब कर कलेक्ट्रेट से दूर ले जाकर छोड़ दिया।
जिलाध्यक्ष भंवर कुकणा ने कहा कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया है। यूथ कांग्रेस पुलिस के खिलाफ कुछ दिनों में बड़ा प्रदर्शन करेगी। वहीं पुलिस ने कहा कि कार्यकर्ता जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए पुलिस की ओर से केवल कार्यकर्ताओं को खदेड़ा गया है, लाठीचार्ज नहीं किया गया।
#Kaant k. Sharma / Bhawani Joshi www.newsfastweb.com