प्रचार में भारी रही भाजपा, पीएम और केन्द्रीय नेताओं ने लगाया जोर

0
264
प्रचार में भाजपा

कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए सीएम और डिप्टी सीएम ही रहे सक्रिय।

बीकानेर। लोकसभा चुनाव के प्रचार में भाजपा शुरू से ही भारी नजर आई। वहीं कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार में भी भाजपा से पीछे रहती ही दिखाई दी है। राजनीतिक पंडित यही वजह मान रहे हैं कि बीकानेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस एक बार भी अपने पक्ष में माहौल नहीं बना सकी।

गौरतलब है कि जैसे ही भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया वैसे ही भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल जनसम्पर्क में जुट गए। उन्होंने बीकानेर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से मिलना शुरू कर दिया। कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी की घोषणा भी कई दिनों बाद की। इसके बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी अपने चुनाव प्रचार को गति नहीं दे सके।

भाजपा के चुनाव प्रचार की बात करें तो यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया ने भी यहां का दौरा किया। इससे पहले केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कोलायत में जनसभा की। इसके अलावा भाजपा के चुनाव प्रदेश प्रभारी केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर तो नामांकन दाखिल करते समय भी भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के साथ थे। इसके बाद वे पीएम मोदी की सभा में मौजूद रहे।

इनके अलावा पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संगठन मंत्री वी.सतीश, प्रदेश की विधानसभा में प्रतिपक्ष उपनेता राजेन्द्र राठौड़, विधायक सतीश पूनिया, मदन दिलावर, यूनुस खान, वासुदेव देवनानी, बाड़मेर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी, असम भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद स्वामी, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

वहीं कांग्रेस की बात करें तो यहां पर पार्टी के राज्यसभा सांसद आनन्द शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस में नए आए घनश्याम तिवाड़ी और सुरेन्द्र गोयल ने भी मीडिया से मुखातिब होकर कांग्रेस प्रत्याशी मदनगोपाल मेघवाल के समर्थन में वोट मांगे। इनके अलावा पोकरण विधायक सालेह मोहम्मद, ऊर्जा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगते दिखाई दिए।

डॉ. कल्ला और उच्च शिक्षा मंत्री भाटी ने तो अपनी पूरी ताकत कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में झोंक दी थी। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस सीट पर अपनी ताकत लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वे चार बार बीकानेर में आए और जनता से रूबरू हुए। कांग्रेस प्रत्याशी मदनगोपाल मेघवाल ने जब अपना नामांकन दाखिल किया थाए उस दौरान ऊर्जा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला और उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी ही उनके साथ नजर आए थे।

कांग्रेस ने प्रदेश के लिए बनाई थी 40 स्टार प्रचारकों की फौज

प्रदेश में दूसरे चरण का चुनाव सोमवार को सम्पन्न हो गया, लेकिन कांग्रेस की स्टार प्रचारक फौज सिर्फ नाम की ही साबित हुई। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशियों की ओर से डिमांड किए जाने के बाद भी स्टार प्रचारकों के दौरे नहीं हो पाए। जिसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, मनमोहनसिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे बड़े नेताओं के नाम शामिल थे।

हैरत की बात तो यह है कि प्रदेश में दो चरणों में हुए चनाव के प्रचार के लिए ये नेता यहां नहीं आए थे। दोनों चरणों में प्रचार का जिम्मा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के कंधों पर ही रहा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here