विधानसभा चुनाव 2018 : काउंटडाउन शुरू

0
282
विधानसभा चुनाव

पुलिस ने संभाला मोर्चा, डीजीपी की रिपोर्ट के आधार पर जिलों में बांटी गई फोर्स, चार राज्यों से बुलाए गए सत्तर हजार पुलिसकर्मी।

बीकानेर। सात दिसम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। चुनाव में चार दिनों का समय शेष रह गया है। ऐसे में अब पुलिस सुरक्षा का भार बढ़ता जा रहा है।

जिन राज्यों से पुलिस बल मांगा गया था, वह पूरा पुलिस बल प्रदेश में आ चुका है। प्रदेश के डीजीपी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस बल सभी जिलों में बांट दिया गया है। सुरक्षा कारणों के चलते कुछ संभागों में तो अभी तक डीजीपी और अन्य पुलिस अधिकारी दौरे कर रहे हैं।

प्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, पंजाब से करीब सत्तर हजार पुलिसकर्मी यहां पहुंच चुके हैं। अलग-अलग राज्यों से इस बार चुनाव में छह सौ पुलिस कंपनियों की मांग की गई थी। दीपावली के बाद से ही ये पुलिस दल प्रदेश में पहुंचना शुरू हो गए थे और अब तक पूरी कंपनियां प्रदेश में पहुंच चुकी हैं।

प्रदेश के अस्सी हजार पुलिसकर्मियों को भी चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है। मतदान और मतदान के बाद तीन दिनों तक ईवीएम की सुरक्षा को लेकर इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

पिछली बार की तुलना में बढ़ाई गई सुरक्षा

सुरक्षा के लिहाज से इस बार हो रहे विधानसभा चुनाव ज्यादा परेशानी भरे साबित हो रहे हैं। यही कारण है कि इस बार पिछली बार की तुलना में बीस हजार पुलिसकर्मी ज्यादा हैं।

वहीं इस बार करीब पन्द्रह सौ कस्बों, गलियों और बाजारों में पैदल मार्च किया गया है। अब तक करीब चार हजार से ज्यादा हथियार और करोड़ों की राशि बरामद हो चुकी है। चुनाव के बाद ईवीएम को जहां रखा जाना है, वहां पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सबसे अन्दर एसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों का जिम्मा है। इसके बाद दूसरे घेरे पर इलाके के पुलिस इंस्पेक्टर्स को सुरक्षा सौंपी गई है। तीसरे स्तर पर कांस्टेबल स्तर के पुलिसकर्मियों को सुरक्षा दी गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here