अशोक गहलोत ने संभाली प्रदेश की कमान, पायलट बने डिप्टी सीएम

0
224
अशोक गहलोत

विपक्षी दलों ने भी दिखाई एकता।

जयपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में और उनके साथ नई सरकार में बतौर उप मुख्यमंत्री शामिल हुए सचिन पायलट ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कई अन्य विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में जयपुर के अल्बर्ट हॉल में दोनों नेताओं का शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

अशोक गहलोत तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। राज्य में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने वाले वह चौथे नेता हैं। गहलोत से पहले भैंरो सिंह शेखावत और हरिदेव जोशी तीन-तीन बार मुख्यमंत्री रहे। हालांकि मोहन लाल सुखाडयि़ा सबसे अधिक चार बार इस पद पर रहे।

अशोक गहलोत 1998 में पहली बार और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। उप मुख्यमंत्री बने पायलट फिलहाल राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह लोकसभा सदस्य और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह अपने जमाने में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राजेश पायलट के पुत्र हैं।

राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलने के बाद मुख्यमंत्री पद के चयन को लंबी खींचतान हुई। गहलोत और पायलट दोनों इस पद की दौड़ में शामिल थे। मैराथन बैठकों और गहन मंथन के बाद 14 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष ने गहलोत को मुख्यमंत्री और पायलट को उप मुख्यमंत्री नामित करने का फैसला किया था।

दिखी विपक्ष की एकजुटता

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा को पटकनी देने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल यहां विपक्षी एकजुटता की धुरी बनते नजर आए।

अशोक गहलोत

वहीं दूसरे विपक्षी दलों के आला नेताओं की शिरकत ने भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ व्यापक गठबन्धन से जुड़ी कांग्रेस की उम्मीदों को पर लगाने का काम किया।

शपथ ग्रहण में राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तेलुगूदेसम पार्टी के नेता एन चंद्रबाबू नायडू, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, द्रमुक नेता एमके स्टालिन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुुमारस्वामी, राजद नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कांन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी शामिल हुए।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहीं। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, भूपेंद्र हुड्डा, सिद्धरमैया, आनंद शर्मा, तरुण गोंगोई, नवजोत सिंह सिद्धू, अविनाश पांडे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे।

गत मई महीने में कर्नाटक में कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद यह दूसरा मौका था जब विपक्षी दलों के नेता इस तरह एक मंच पर नजर आए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here