पार्टी की नीतियों से महिलाओं को अवगत कराने की कवायद
बीकानेर। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा देहात और शहर की ओर से आज निकाय प्रवासी योजना पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में योजना की संभाग प्रभारी बबिता शर्मा ने योजना की जानकारी दी।
योजना की संभाग प्रभारी बबिता शर्मा ने बताया की भाजपा महिला मोर्चा जिले की नगर पालिका और नगर परिषद क्षेत्र से चार-चार महिला कार्यकर्ताओं को लेकर टीम बनाएगी। भाजपा महिला मोर्चा की ये टीमें एक पालिका से दूसरी पालिका क्षेत्र में जाएगी और वहां जाकर महिलाओं से सम्पर्क किया जाएगा।
बूथ कार्यकारिणी को मजबूत किया जाएगा। साथ ही समाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से सभी समाज के लोगो को जोड़ा जाएगा। जिससे पार्टी और मजबूत होगी साथ ही पार्टी की नीतियां भी आमजन तक पहुंच सकेगी।
उन्होंने बताया कि सम्पर्क के साथ मोर्चा की कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेंगी। उन्होंने बताया कि बीकानेर शहर में प्रवासी संयोजक के रूप में सुषमा बिस्सा और भाजपा देहात से सुशीला सुथार को संयोजक बनाया गया है।
कार्यशाला में देहात अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के साथ चयनित कार्यकर्ताओ ने भाग लिया। विस्तारक योजना की तरह निकाय प्रवासी योजना के माध्यम से भाजपा चुनाव से पहले हर महिला तक अपनी पहुंच बनाने में जुट गई है।











