स्वाभिमान रैली में लिया गया निर्णय शिरोधार्य : मानवेन्द्र सिंह

0
415
मानवेंद्र सिंह

22 सितम्बर को बाड़मेर के पचपदरा में होगी सर्वसमाज की स्वाभिमान रैली

बीकानेर। भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह के बेटे व बाड़मेर जिले के शिव तहसील से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह आज बीकानेर पहुंचे। आगमन पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने मानवेंद्र सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद भाजपा विधायक ने नगर निगम के पास सरदार हॉल में कार्यकर्ताओं व समर्थकों की मीटिंग ली। जिसमे उन्होंने 22 सितम्बर को बाड़मेर जिले के पचपदरा में स्वाभिमान रैली में शामिल होने का आह्वान किया।

बीकानेर आए मानवेन्द्र सिंह ने सर्व समाज के लोगों के साथ-साथ क्षत्रिय समाज के प्रबुद्धजनों से चर्चा करने के बाद कहा कि पचपदरा रैली में स्वाभिमानी लोग उनके भविष्य का फैसला करेंगे। स्वाभिमान रैली में सर्वसमाज की ओर से उनके बारे में लिया गया निर्णय शिरोधार्य होगा।

मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान मानवेन्द्र सिंह ने इशारों-इशारों में ही कांग्रेस से नजदीकियों का भी संकेत दिया। सिंह का यह बयान बीकानेर सहित पूरे प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय भी बन गया है। सिंह के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं में खलबली सी मच गई है तो वहीं सोशल मीडिया में लोग इस रैली के कई मायने निकाल रहे हैं।

मानवेन्द्र के स्वागत में आज बीकानेर के क्षत्रिय समाज के लोगों के साथ-साथ कांग्रेस व भाजपा के भी कई नेता मौजूद नजर आए।

गौरतलब है कि वसुन्धरा राजे सरकार से राजपूत समाज की नाराजगी काफी समय से चल रही है। वहीं मानवेन्द्र सिंह और प्रदेश भाजपा के बीच भी चल रही खींचतान काफी समय से देखी जा रही है।

पिछले काफी समय से भाजपा से दूरी बनी होने की वजह से मानवेन्द्र सिंह का कांग्रेस में जाने की बात भी काफी चर्चा में रही थी। अब पचपदरा में होने वाली सर्वसमाज की रैली के बाद ही साफ हो पाएगा कि मानवेन्द्र सिंह भाजपा में ही रहेंगे या कांग्रेस में शामिल होंगे। हालांकि अभी हाल ही में मानवेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here