गुरु पूर्णिमा पर इस बार भी ग्रहण का साया

0
268
गुरु पूर्णिमा

खण्डग्रास के रूप में दिखेगा चन्द्र ग्रहण, दो घंटे 59 मिनट की है अवधि

बीकानेर। इस बार चन्द्र ग्रहण और गुरु पूर्णिमा पर्व एक साथ 16 जुलाई को होंगे। गुरु पूर्णिमा पर लगातार दूसरे वर्ष चन्द्र ग्रहण लग रहा है। पिछले वर्ष 27 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर खग्रास चन्द्र ग्रहण था। तब इस चन्द्र ग्रहण की अवधि 3 घंटे 51 मिनट थी, इस बार ग्रहण की अवधि 2 घंटे 59 मिनट है। गुरु पूर्णिमा और चन्द्र ग्रहण एक साथ होने पर गुरु पूजा का कार्यक्रम भी सूतक लगने से पहले ही होगा।

ज्योतिषियों के अनुसार यह चन्द्र ग्रहण पूरे देश में खंडग्रास के रूप में दिखाई देगा। ग्रहण का सूतक शाम 4 बज कर 31 मिनट से शुरू हो जाएगा। ग्रहण मध्य रात्रि एक बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 17 जुलाई को अलसुबह साढ़े चार बजे खत्म होगा। बीते साल भी आषाढ़ी पूर्णिमा पर 27-28 जुलाई की मध्य रात्रि खग्रास चन्द्र ग्रहण हुआ था। इस साल करीब तीन घंटे आकाश में अद्भुत खगोलीय घटना का नजारा देखा जा सकेगा।

जानकारी के मुताबिक रात 1 बजकर 31 मिनट पर ग्रहण का स्पर्श होगा। रात 3 बजकर एक मिनट पर ग्रहण का मध्य होगा और साढ़े चार बजे ग्रहण का मोक्ष होगा। अधिकतम ग्रास रात 3 बजकर एक मिनट पर दिखाई देगा। 65 प्रतिशत चन्द्रमा लालिमा युक्त रहेगा और 35 प्रतिशत चमकीला रहेगा।

इन देशों में दिखेगा चन्द्र ग्रहण

चन्द्र ग्रहण भारत सहित अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिणी अमरीका, यूरोप सहित एशिया के अधिकांश देशों में, हिन्द महासागर, अटलांटिक महासागर, पैसेफिक महासागर में दिखाई देगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here