पांच नेता ही पांच बार पहुंचे लोकसभा

0
237
लोकसभा

राजेश पायलट, शीशराम ओला, अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे की सबसे बड़े सदन में पांच बार एंट्री।

सबसे ज्यादा छह बार गिरधारीलाल भार्गव चुने गए सांसद।

बीकानेर। लोकसभा चुनावों का बिगुल बजने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा में प्रत्याशी चयन की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं की ओर से प्रत्याशी चयन में काफी विचार विमर्श किया जा रहा है।

प्रदेश में अब तक हुए लोकसभा चुनावों के कई रोचक पहलू भी हैं, पांच बार लोकसभा का चुनाव जीतने वाले नेताओं में दो नेता वो भी शामिल हैं, जो प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। इन पांच नेताओं में से तीन कांग्रेस के और दो भाजपा नेता हैं। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा छह बार लोकसभा का चुनाव जीतने का रिकॉर्ड गिरधारीलाल भार्गव के नाम दर्ज है।

दरअसल, 1952 से लेकर वर्ष, 2014 तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो केवल प्रदेश में पांच नेता ही ऐसे रहे हैं, जो पांच-पांच बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा दो नेता ऐसे हैं जो चार-चार बार लोकसभा के सदस्य चुने गए हैं।

प्रदेश की सत्ता के शिखर पर भी पहुंचे गहलोत और राजे

प्रदेश में जो नेता पांच बार सांसद चुने गए हैं, उनमें वर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक गहलोत 1980, 1984, 1991, 1996 और 1998 में लोकसभाके लिए चुने गए। इनके अलावा दिग्गज कांग्रेसी नेता शीशराम ओला 1996, 1998,1999, 2004 और 2009 में लोकसभाके सदस्य रहे थे। इसी तरह दिग्गज किसान नेता रहे राजेश पायलट भी पांच बार लोकसभा के सदस्य रहे। राजेश पायलट 1980,1984, 1991, 1996 और 1998 में लोकसभाके सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए थे।

भाजपा की ओर से प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 1989, 1991, 1996, 1998 और 1999 में लोकसभाकी सदस्य रहीं थी। वहीं भाजपा के दिग्गज नेता रहे गिरधारीलाल भार्गव सबसे ज्यादा छह बार लोकसभाके सदस्य निर्वाचित हुए। भार्गव 1989, 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में जयपुर से लोकसभा सदस्य चुने गए थे।

दो नेता चुने गए चार बार सांसद

वहीं दूसरी ओर पूर्व केन्द्रीय मंत्री बूटा सिंह जालोर से चार बार लोकसभाके सदस्य रहे। सिंह 1989, 1991, 1996 और 1999 में लोकसभासदस्य चुने गए। इसी प्रकार पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास भी चार बार लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here