तकनीक ने कम की भक्त और भगवान की दूरी, जानिए कैसे….

0
241
भक्त और भगवान

चंद सेकंड में ऑनलाइन दान राशि जमा कराने की व्यवस्था।

बीकानेर। तकनीक ने अब भक्त और भगवान के बीच की दूरी को कम कर दिया है। प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थल व मंदिरों में दान राशि चढ़ाने के लिए अब भक्तों को मंदिरों में जाने की जरुरत नहीं है। देवस्थान विभाग ने भक्तों की सहूलियत के लिए ऐसी व्यवस्था कर दी है कि भक्त अब चंद सेकंड में ऑनलाइन दान राशि जमा करा सकते हैं।

भक्त गायों के चारा, पक्षियों के दाने से लेकर गरीबों के भोजन और वस्त्र के लिए भक्त ऑनलाइन मंदिरों में भेंट कर रहे हैं। देवस्थान विभाग की वेबसाइट पर जाकर भक्त सूची में शामिल मंदिरों में ऑनलाइन दान कर सकते हैं।

विभागीय सूत्रों के अनुसार इसमें प्रदेश के 24 प्रमुख मंदिर और तीर्थ स्थलों के अलावा 34 प्रकार के देवी-देवता भी हैं। इसके लिए देवस्थान विभाग की वेबसाइट पर दान का विकल्प हैं।

खास बात ये है कि इसमें दान का उद्देश्य और प्रयोजन पूछा जाता है। इसमें कोई सफलता के लिए तो कोई खुद की सुरक्षा के लिए दान करते हैं। इसमें कई विकल्प दे रखे हैं। इसमें मंदिर में पुण्यार्थ से स्वास्थ्य सेवा, मनोकामना पूर्ति, गायों की सेवा, विकास कार्य आदि विकल्प हैं, भक्त अपनी इच्छानुसार जिसमें चाहें दान कर सकते हैं।

देवस्थान विभाग की ऑनलाइन दान जमा की योजना में भरतपुर के श्री बिहारी जी, बीकानेर के लक्ष्मीनारायण जी, बूंदी के केशवरायजी, हनुमानगढ़ के गोगाजी, झालावाड़ के पद्मनाथ जी, राजसमंद के गढ़बोर चारभुजाजी, टोंक के डिग्गी कल्याण जी, दौसा के मेहंदीपुर बालाजी, जैसलमेर के रामदेवरा, चूरू के सालासर बालाजी, अजमेर के पुष्करजी, चित्तौडग़ढ़़ के सांवलिया जी, बांसवाड़ा के त्रिपुर सुंदरी, सीकर के खाटू श्यामजी, उदयपुर के एकलिंग जी, सवाईमाधोपुर के चौथ माता-चौथ का बरवाड़ा, डूंगरपुर में बेणेश्वरधाम, जयपुर के मदनमोहन जी, खोल के बालाजी आदि मंदिर में ऑनलाइन दान चढ़ा सकते हैं।

वेबसाइट पर 34 प्रकार के भगवान के नाम भी दिए गए हैं। इसमें विष्णुजी, शिवजी, ब्रह्माजी, रामजी, कृष्णजी, हनुमानजी, गणेशजी, दुर्गा माता, शीतला माता, सरस्वती माता, लक्ष्मी माता, लक्ष्मण, भैरूजी, लोकदेवता, गंगा आदि के नाम शामिल हैं। इन भगवान के यहां भी दान कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक देवस्थान विभाग के माध्यम से ऑनलाइन दान करने वाले भक्तों की सूची भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसमें भक्त की ओर से दान का प्रयोजन व राशि भी लिखी होती है। फरवरी 2019 में 1 लाख 4833 रुपए ऑनलाइन दान राशि जमा हुई है। इसमें एक भक्त ने गृह शांति व पुण्यार्थ मानव सेवा के लिए के लिए एक लाख रुपए श्री रामदेवरा में जमा कराई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here