डोर-टू-डोर जाएंगे कांग्रेस के कार्यकर्ता, बताएंगे पार्टी की विचारधारा

0
188
कांग्रेस

लोकसभा चुनाव में भाजपा-संघ से मुकाबले की रणनीति बना रही कांग्रेस, जयपुर में लगेगा आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर।

बीकानेर। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस भाजपा से मुकाबला करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को हर क्षेत्र में तैयार करने में जुटी है। बूथ मैनेजमेंट की ट्रेनिंग के साथ ही अब कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और पार्टी के इतिहास के बारे में जानकारी भी दी जा रही है, जिससे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस कल्चर और इतिहास के बारे में जानकारी दे सकें।

राजनीतिक सूत्रों से न्यूजफास्ट वेब को मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को प्रोजेक्टर के जरिए पार्टी की विचारधारा और पार्टी के 132 साल के इतिहास पर बनी शॉर्ट फिल्में दिखाई गईं। इसके अलावा पार्टी के पुराने नेताओं के भाषण भी दिखाए गए। साथ ही संघ और भाजपा की पृष्ठभूमि की जानकारी भी दी गई।

बताया जा रहा है कि जल्दी ही जयपुर में आठ दिनों का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग के बाद पार्टी कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा और इतिहास से अवगत कराएंगे। साथ ही भाजपा और संघ का देश की आजादी में क्या योगदान रहा, इसकी भी जानकारी देंगे।

इसलिए पड़ी कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने की जरूरत

दरअसल, पार्टी नेताओं की सोच है कि पार्टी से जुडऩे वाले युवा और नए कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कल्चर, इतिहास और पार्टी की रीति-नीति का ज्ञान नहीं होगा, तब तक कार्यकर्ताओं में पार्टी के प्रति सच्ची श्रद्धा और समपर्ण नहीं होगा। ऐसे में कार्यकर्ताओं को इसका ज्ञान होना आवश्यक है।

इसके अलावा भाजपा और संघ से जुड़े लोग जिस प्रकार डोर-टू-डोर जाकर अपनी विचारधारा के बारे में बताते हैं तो कांग्रेस कार्यकर्ता इससे पीछे क्यूं है। इसी के मद्देनजर पार्टी के आला नेताओं ने इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया है।

अब देखना यह होगा कि कांग्रेस के आला नेताओं की यह कवायद लोकसभा में पार्टी को कितना फायदा दिला पाती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here