जाली नोट मामले में यूपी पुलिस ने नोखा के दो युवकों को किया गिरफ्तार

0
467
UP police arrested two youths from Nokha in fake currency case

अमीर बनने का सपना दिखाकर फांसते थे लोगों को

बीकानेर। जाली नोटों के मामले में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आई पुलिस ने नोखा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यूपी पुलिस ने इन दोनों आरोपी युवकों के पास से जाली पांच सौ रुपए के नोटों की पचास गड्डियां बरामद की है। फिलहाल इन दोनों आरोपियों को लखनऊ रखा गया है, जहां इन आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दीपक शर्मा ने न्यूजफास्ट वेब को बताया कि यूपी पुलिस ने जाली नोट मामले में जिन युवकों को गिरफ्तार किया है वे रामस्वरूप विश्नोई और विष्णु शर्मा नया गांव-नोखा के रहने वाले हैं। यूपी पुलिस ने इस दोनों आरोपियों के पास से कागज पर रंगीन प्रिंटर से छापे गए 5 सौ रुपए के नोटों की करीब 50 गड्डियां बरामद की हैं। दोनों नकली नोट सप्लाई करने के लिए लखनऊ गए थे। दोनों आरोपी जल्द अमीर बनने का सपना देखने वालों को टारगेट करते थे। उन्हें बाजार में नकली नोट चलाकर अमीर बनने का सपना दिखाकर फांसते थे। दोनों आरोपी इतने शातिर हैं कि नोट नकली न लगे इसलिए कुछ नोट असली और बैंक की स्लिप लगा देते थे। लखनऊ पुलिस में दर्ज नकली नोटों के प्रकरण को लेकर टीम यहां नोखा आई और इन दोनों आरोपियों को अनुसंधान के लिए साथ लेकर गई।


गौरतलब है कि बीकानेर जिले में पहले भी कई बार नकली नोटों के मामले सामने आए हैं, जिनमें बीकानेर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंंचाया है। नकली नोटों को लेकर अभी हाल ही में लूणकरनसर में एक प्रकरण दर्ज किया गया है। एएसपी दीपक शर्मा ने बताया कि जाली नोटों के मामले में अन्य सूचनाओं को भी एकत्रित करके इस प्रकार के गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here